नवगछिया, 19 अगस्त 2025। पुलिस जिला नवगछिया में पुलिस ने नशा माफिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अन्तरराज्यीय गिरोह के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 2.09 किलो ब्राउन शुगर (कीमत 3–3.5 करोड़ रुपये) बरामद की गई।

कैसे हुआ खुलासा?
18 अगस्त को बिहपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अवध असाम ट्रेन से दो संदिग्ध महिलाएं उतरी हैं और एक महेन्द्रा XUV 300 (BR10AC 9025) से नवगछिया की ओर जा रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बिहपुर पावर सब स्टेशन के पास वाहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान संदिग्ध गाड़ी को रोकने का इशारा किया गया तो चालक भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन सहित तीनों को पकड़ लिया।
बरामदगी
- ब्राउन शुगर – 2098.41 ग्राम (लगभग 2.09 किलो)
- कीमत – 3 से 3.5 करोड़ रुपये (अंतरराष्ट्रीय बाजार में)
- मोबाइल – 3
- वाहन – महेन्द्रा XUV 300
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
- मंगला गुरंग उर्फ मंगला राय – मणिपुर निवासी
- संजना थापा – मणिपुर निवासी
- गौतम राय – पिता घुटन मंडल, सतिश नगर, थाना पसराहा, जिला खगड़िया
पूछताछ में क्या पता चला?
गिरफ्तार महिलाओं ने स्वीकार किया कि उन्हें मणिपुर से ब्राउन शुगर लाकर नवगछिया में डिलीवरी करनी थी। इसके एवज में उन्हें मोटी रकम मिलने वाली थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह खेप नवगछिया के गौतम राय और फरार अभियुक्त मांगन कुमार को सौंपी जानी थी।

केस दर्ज, आगे की कार्रवाई
इस मामले में बिहपुर थाना कांड संख्या-205/25 के तहत NDPS एक्ट की धाराओं 8(C)/21(C)/25/29 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने 5 नामजद और अज्ञात तस्करों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
छापामारी टीम
थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। टीम में परि.पु.अ.नि. रिया कुमारी, स.अ.नि. अशोक कुमार, सुजेन्द्र विश्वास, विद्यानंद तिवारी और महिला सिपाही सोनम कुमारी शामिल थीं। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।